दिल्ली मेट्रो पुल के नीचे

दिल्ली मेट्रो पुल के नीचे है 300 बच्चों को मुस्कुराहट की वजह देने वाला स्कूल


गरीबी और अन्य परिस्थितियों के कारण वंचित बच्चों के जीवन में शिक्षा की मिठास भरने के लिए लक्ष्मी नगर में रहने वाले एक दुकानदार यमुना बैंक इलाके में मेट्रो पुल के नीचे एक स्कूल चलाते हैं। रोज-रोज बसने उजड़ने वाला यह स्कूल 300 बच्चों की हंसी और मुस्कुराहट की वजह है जो तमाम मुश्किलों से लड़ते हुए यहां आते हैं। राजेश कुमार शर्मा का यह 'फ्री स्कूल अंडर द ब्रिज' (पुल के नीचे निःशुल्क स्कूल)2006 से चल रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश में हाथरस के रहने वाले शर्मा लक्ष्मी नगर में एक किराने की दुकान चलाते हैं। उन्होंने 13 साल पहले महज दो बच्चों के साथ अपने स्कूल की शुरुआत की थी। शर्मा को खुद गरीबी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी थी। इस बात का दुख उन्हें आज भी है। इसलिए जब यमुना बैंक इलाके में घूमते हुए उन्होंने बच्चों को बिना शिक्षा के भटकते देखा तो उनके माध्यम से अपने सपने को जीने का फैसला किया। शर्मा (49) अपना स्कूल दो पालियों में चलाते हैं। सुबह 9-11 बजे तक लड़कों के लिए जिसमें 120 छात्र हैं। दोपहर दो बजे से शाम साढ़े चार बजे तक लड़कियों के लिए जिसमें 180 छात्राएं हैं। चार साल से 14 साल तक के इन बच्चों को शर्मा अकेले नहीं पढ़ाते हैं। आसपास के लोग भी उनकी मदद करते हैं। वे अपने खाली समय में आकर बच्चों को पढ़ाते हैं, उनके साथ सात ऐसे शिक्षक स्थाई रूप से जुड़े हुए हैं। वैसे तो स्कूल सड़क के शोरगुल से दूर है, और हर पांच मिनट पर आती मेट्रो ट्रेन की आवाज बच्चों को महसूस तक नहीं होती। वे तो अपने सीमित संसाधनों वाले स्कूल में खुश हैं। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे जमीन पर बोरियां बिछाकर बैठते हैं और सामान के नाम पर उनके पास सिर्फ पांच ब्लैकबोर्ड हैं। शर्मा के साथ जुड़े शिक्षक... लक्ष्मी चन्द्र, श्याम महतो, रेखा, सुनीता, मनीषा, चेतन शर्मा और सर्वेश बताते हैं कि वे अपने खाली समय में बच्चों को पढ़ाते हैं और उनकी मुस्कुराहट ही उनकी फीस है। शर्मा का कहना है कि उनके पास कभी कोई सरकारी प्रतिनिधि मदद की पेशकश लेकर नहीं आया। हां शुरुआत में कुछ एनजीओ जरुर आए थे, लेकिन उनमें से कोई सही नहीं लगा। वे लोग कहते कुछ है और करते कुछ और थे। उन्हें बच्चों की मदद करने से नहीं बल्कि उनके जरिए पैसे कमाने से मतलब था। उनका कहना है कि हमें सिर्फ आसपास के लोगों से कुछ सहायता मिलती है।



Featured Post

 मध्यवर्गीय परिवारों का हाल किसी से छुपा नहीं है सरकारें आती हैं जातीं है परन्तु मध्यवर्गीय परिवारों कि हालत आज भी जस कि तस बनीं हुईं हैं इस...