देश के कई राज्यों के बाढ़ से हालात गंभीर

दैनिक समाचार, नई दिल्ली असम और बिहार में बाढ़ के हालात रविवार को अधिक गंभीर हो गए तथा बाढ़ के कारण पांच और लोगों की मौत हो गई। इन दो राज्यों में बाढ़ से करीब 40 लाख लोग प्रभावित हैं। वहीं, दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई लेकिन पंजाब तथा हरियाणा में उमस भरा मौसम बना रहा। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपनी बाढ़ संबंधी नियमित रिपोर्ट में बताया कि राज्य में पांच और लोगों की मौत बाढ़ के कारण हो गई है जिसके कारण 102 लोगों की मौत बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में हो चुकी है तथा 26 लोगों की मौत भूस्खलन के कारण हुई। प्राधिकरण ने बताया कि राज्य में 24.76 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। सर्वाधिक 4.7 लाख से अधिक लोग गोवालपारा में प्रभावित हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बातचीत की और राज्य में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए तथा सामान्य स्थिति बहाल करने में उन्हें केंद्र की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि जिस भी मदद की आवश्यकता होगी, पूर्वोत्तर परिषद को यह मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार असम, अरूणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के अन्य बाढ़ प्रभावित राज्यों में लगातार निगरानी कर रही है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाढ़ की स्थिति के बारे में व्यक्तिगत रूप से नियमित तौर पर जानकारी लेते हैं। बिहार के 11 जिलों की 14,95,132 लोगों की आबादी बाढ़ से प्रभावित है और 13,6,464 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। यहां कम से कम दस लोगों की मौत बाढ़ के कारण हुई। दरभंगा जिले में सबसे अधिक 12 प्रखंडों के 131 पंचायतों की 5,36,846 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।


Featured Post

 मध्यवर्गीय परिवारों का हाल किसी से छुपा नहीं है सरकारें आती हैं जातीं है परन्तु मध्यवर्गीय परिवारों कि हालत आज भी जस कि तस बनीं हुईं हैं इस...